जयपुर में आज तड़के बड़ा हादसा,अजमेर रोड पर CNG गैस से भरे एक टैंकर में अचानक ब्लास्ट

राजधानी जयपुर में आज तड़के बड़ा हादसा हो गया. यहां अजमेर रोड पर CNG गैस से भरे एक टैंकर में अचानक ब्लास्ट हो गया. इससे उसमें जबर्दस्त आग लग गई. टैंकर में यह ब्लास्ट पेट्रोल पंप के पास हुआ.इस आग की चपेट में उसके आसपास खड़े और चल रहे कई वाहन आ गए. देखते ही देखते आग ने भीषण रूप घारण कर लिया. इससे वहां अफरातफरी मच गई. हादसे में कई लोगों के जल जाने की सूचना है. आग की सूचना पर 20 से ज्यादा दमकलें मौके पर पहुंची और उस पर काबू पाने का प्रयास किया.
पुलिस के अनुसार यह हादसा अजमेर रोड पर भांकरोटा इलाके में दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास तड़के हुआ. यहां सीएनजी से भरे गैस टैंकर में अचानक ब्लास्ट हो गया और उसमें आग लग गई. कोई कुछ समझ पाता उससे पहले आग ने टैंकर के आसपास खड़े और चल रहे करीब 15-20 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. यह हादसा जहां हुआ उसके ठीक पास में पेट्रोल पंप था. गनीमत रही कि आग वहां तक नहीं पहुंची.
