एलन मस्क की संपत्ति 400 बिलियन डॉलर से बढ़कर करीब 500 बिलियन डॉलर

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की संपत्ति में पिछले एक हफ्ते में काफी इजाफा हुआ है. एलन मस्क की संपत्ति 400 बिलियन डॉलर से बढ़कर करीब 500 बिलियन डॉलर हो गई है.यानी पिछले कुछ दिनों में उनकी संपत्ति में करीब 100 अरब डॉलर यानी 8.66 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है. वहीं ब्लूमबर्ग के हवाले से इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक भारतीय उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की संपत्ति में गिरावट आई है. दोनों की संपत्ति 100 अरब डॉलर से कम हो गई है.
संपत्ति में क्यों हो रही बढ़ोतरी
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की रिपोर्ट के अनुसार टेस्ला के शेयर में शानदार तेजी आने से एलन मस्क की संपत्ति भी बढ़ी है. अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को जीत मिलने के बाद से मस्क की कंपनी के शेयरों में शानदार तेजी आई. इस साल एलन मस्क की कुल संपत्ति में 107 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है. मस्क की स्पेसएक्स की फाइनेंशियल परफॉर्मेंस काफी शानदार है.
शिव नादर की संपत्ति में इजाफा
मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति जुलाई में अनंत अंबानी की भव्य शादी के दौरान 120.8 अरब डॉलर थी, अब वह 96.7 अरब डॉलर रह गई है. यानी तब से संपत्ति में करीब 20 अरब डॉलर की कमी आई है. वहीं उद्योगपति शिव नादर और स्टील उद्योगपति सावित्री जिंदल की नेटवर्थ में क्रमशः 10.8 अरब डॉलर और 10.1 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है. गौतम अडानी की संपत्ति जून में संपत्ति 122.3 अरब डॉलर से गिरकर दिसंबर में 82.1 अरब डॉलर हो गई है.
टॉप-5 अरबपति
एलन मस्क के बाद टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री के जेफ बेजोस दूसरे स्थान पर हैं. जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 250 अरब डॉलर है. तीसरे स्थान पर मेटा के फाउंडर और सीईओ मार्क जकरबर्ग (Mark Zuckerberg) हैं, उनकी नेट वर्थ 219 अरब डॉलर है. वहीं 193 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ लैरी एलिसन चौथे और बर्नार्ड अर्नोल्ट 179 अरब डॉलर के साथ पांचवें अमीर व्यक्ति हैं.
