पंजाब के सीएम भी आएंगे शो देखने, सेक्टर 34 मेला ग्राउंड को जाने वाले सभी रास्ते बंद

चंडीगढ़ सेक्टर-34 में आज पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का दिल-ल्यूमिनाटी कार्यक्रम है। शो के दौरान सुरक्षा के लिए करीब 2500 पुलिसकर्मी सेक्टर-34 के आसपास और अन्य रूटों पर तैनात रहेंगे।

यूटी पुलिस के एक सीपीएस अधिकारी ने बताया कि दिलजीत का कन्सर्ट देखने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह के अलावा हरियाणा, पंजाब के जिला सहित हाईकोर्ट करीब 50-55 जज, 50 से अधिक आईएएस व आईपीएस सहित कई मंत्री व काफी संख्या में अन्य अधिकारी भी पहुंच रहे है।

सेक्टर-34 मेला ग्राउंड की ओर जाने वाले सभी रास्तों को चंडीगढ़ पुलिस ने आज सुबह 10 बजे से ही बंद कर दिया है। पुलिस के अलावा किसी अन्य वाहन को ग्राउंड की ओर जाने वाले रास्तों पर एंट्री नहीं दी जा रही है।
शो से पहले दिलजीत दोसांझ ने शुक्रवार को सीएम भगवंत मान और उनके परिवार से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बारे में दोसांझ ने अपने एक्स हैंडल पर जानकारी दी। दोसांझ ने लिखा- बहुत प्यार मिला। आज बड़े भाई ने छोटे भाई की तरह प्यार दिया। बेबे के हाथ की मक्की की रोटी और साग… इससे बढ़कर क्या हो सकता है।

ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी

पुलिस की ओर से शनिवार के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है। सेक्टर-33/34 डिवाइडिंग रोड और सेक्टर-34 मार्केट के अंदरूनी रोड पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। कई रूट पर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कार्यक्रम के लिए प्राइवेट सिक्योरिटी तैनात की गई है।
कार्यक्रम के दौरान शहर में किसी तरह की अव्यवस्था न बने इसके लिए चंडीगढ़ पुलिस और आयोजकों की ओर से तैनात की गई सुरक्षा एजेंसी ने शुक्रवार को रिहर्सल की है। प्रदर्शनी ग्राउंड के चारों ओर बेरिकेड लगाकर नाकेबंदी कर दी गई है। डीजीपी की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि सुरक्षा में तैनात कर्मचारी कोई लापरवाही न करें। ग्राउंड में पुलिस की ओर से अस्थाई पुलिस चौकी बनाई गई है, जहां कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।

यहां खड़े करें वाहन
मोहाली से आने वाले वाहन चालकों के लिए सेक्टर-43 का दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-34 में लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने खुला मैदान और सेक्टर-45 का दशहरा ग्राउंड निर्धारित किया गया है। ट्रिब्यून चौक की तरफ से आने वाले वाहन चालकों के लिए सेक्टर-29 का मंडी ग्राउंड निर्धारित रखा गया है। टीपीटी लाइट प्वाइंट की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए सेक्टर-17 की मल्टीलेवल पार्किंग और अन्य पार्किंग निर्धारित की गई हैं। पार्किंग तक पहुंचने के लिए शहर में क्यूआर कोड भी लगाए जाएंगे।

पुलिस की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि बहुत जरूरी न हो तो पिकाडली चौक और न्यू लेबर चौक न जाएं। वहां पर वाहनों का भारी आवागमन रहेगा, जिसके कारण उनको जाम का सामना करना पड़ सकता है।
कार्यक्रम में एंट्री के लिए सुबह से ही ग्राउंड में दूर-दूराज से आए युवाओं की भीड़ जुट रही है।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]