तिरुवनंतपुरम जाने वाली केरल एक्स्प्रेस की चपेट में आने से चार सफाई कर्मचारियों की मौत

तिरुवनंतपुरम जाने वाली केरल एक्स्प्रेस की चपेट में आने से चार सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी पीटीआई ने रेलवे पुलिस ने के हवाले से बताया कि हादसा शनिवार शाम को शोरानूर रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जहां केरल एक्सप्रेस से टकराने के बाद तमिलनाडु की दो महिलाओं समेत चार सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई।
ट्रेन ने दोपहर करीब 3.05 बजे इन कर्मचारियों को टक्कर मार दी, जब ये कर्मचारी रेलवे स्टेशन से कुछ किलोमीटर दूर शोरानूर पुल के पास रेलवे ट्रैक से कचरा साफ कर रहे थे। रेलवे द्वारा सफाई कार्य के लिए नियुक्त कर्मचारी टक्कर के कारण ट्रैक से नीचे गिर गए।
पुलिस ने एजेंसी को बताया कि इलाके से तीन शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि चौथे शव का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके भारतपुझा नदी में गिरने का संदेह है। हादसे की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस की एक टीम भी मौके पर पहुंची।
शोरानूर रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने एजेंसी को बताया, ‘हो सकता है कि कर्मचारियों ने ट्रेन को आते हुए नहीं देखा हो, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई, लेकिन आगे की जांच जारी है।’
