फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारतीय उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की


फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारतीय उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। मैक्रों ने कहा कि फ्रांस ने भारत से एक प्रिय मित्र खो दिया है।

मैक्रों ने कहा कि रतन टाटा के दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत और फ्रांस में इनोवेशन और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देने में योगदान दिया। मैक्रों ने कहा कि मैं उनके प्रियजनों के साथ-साथ भारत के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि टाटा को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने जताया दुख

रतन टाटा का अंतिम संस्कार गुरुवार शाम को मुंबई के वर्ली श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। रतन टाटा के निधन पर वैश्विक नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है और उनके दूरदर्शी नेतृत्व, परोपकारी प्रयासों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर उनके स्थायी प्रभाव पर चर्चा की। टाटा समूह और टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष रतन टाटा (86) का 9 अक्टूबर, 2024 को निधन हो गया था।

नेपाल के पीएम ने जताया दुख

रतन टाटा के निधन पर नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भी शोक व्यक्त किया है। केपी शर्मा ओली ने ट्वीट कर कहा, ‘उद्योग के सच्चे दिग्गज रतन टाटा के निधन से गहरा दुख हुआ। व्यापार के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने बड़ी संख्या में लोगों के जीवन को प्रभावित किया, जो केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दुनिया भर में फैला। उनकी विरासत और सकारात्मक प्रभाव समाज में हमेशा याद किया जाएगा।’

सुंदर पिचाई ने याद की अंतिम मुलाकात

गूगल और अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘रतन टाटा के साथ गूगल में मेरी आखिरी मुलाकात में हमने ‘वेमो’ की प्रगति के बारे में बात की और उनका दृष्टिकोण प्रेरणादायक था। वो एक असाधारण व्यवसाय और परोपकारी विरासत छोड़ गए हैं और उन्होंने भारत में आधुनिक व्यावसायिक नेतृत्व को मार्गदर्शन और विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।’’

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]