दूसरे टेस्‍ट में भारतीय क्रिकेट टीम ने बांग्‍लादेश को 7 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम की


दूसरे टेस्‍ट में भारतीय क्रिकेट टीम ने बांग्‍लादेश को 7 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम की। करीब ढाई दिन चले मुकाबले में भारतीय बल्‍लेबाजों से लेकर गेंदबाजों तक ने कमाल का प्रदर्शन किया।

टीम इंडिया ने टेस्‍ट में पहले तो टी20 वाली बल्‍लेबाजी की, फिर भारतीय गेंदबाजों ने बांग्‍लादेश को सस्‍ते में समेट दिया। यशस्‍वी जायसवाल को प्‍लेयर ऑफ द मैच और रविचंद्रन अश्विन को प्‍लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके साथ ही अश्विन ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। अब तक कोई भी भारतीय यह कारनामा नहीं कर पाया था।

मुरलीधरन की बराबरी की

अश्विन टेस्‍ट में सबसे ज्‍यादा प्‍लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले भारतीय प्‍लेयर बन गए हैं। इस मामले में उन्‍होंने श्रीलंका के दिग्‍गज मुथैया मुरलीधरन की बराबरी कर ली है। अश्विन ने अपने टेस्‍ट करियर में अब तक 11 बार प्‍लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड अपने नाम किया है। मुथैया मुरलीधरन ने भी 11 बार ही यह कारनामा किया था।

टेस्ट में सर्वाधिक प्लेयर ऑफ द सीरीज पुरस्कार

  • 11 बार – मुथैया मुरलीधरन
  • 11 बार – रविचंद्रन अश्विन
  • 9 बार – जैक कैलिस
  • 8 बार – सर रिचर्ड हैडली
  • 8 बार – इमरान खान
  • 8 बार – शेन वॉर्न

सीरीज में अश्विन का प्रदर्शन

दूसरे टेस्‍ट में अश्विन के प्रदर्शन की बात करें तो बांग्‍लादेश की पहली पारी में उन्‍होंने 15 ओवर में 3 की इकॉनमी से 45 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे। बांग्‍लादेश की दूसरी पारी में भी उन्‍होंने 15 ओवर गेंदबाजी की और 3.30 की इकॉनमी से 50 रन खर्च कर 3 शिकार किए।

सीरीज के पहले टेस्‍ट में भी अश्विन ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। भारत की पहली पारी में अश्विन ने शतक लगाया था। उन्‍होंने 133 गेंदों पर 113 रन बनाए थे। इसके अलावा बांग्‍लादेश की दूसरी पारी में अश्विन ने 6 विकेट भी लिए थे।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]