सिरोही-मजदूरों को पाली ले जा रही गाड़ी टैंकर से टकराई, हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत

राजस्थान के सिरोही जिले में बीते रविवार की शाम बड़ा हादसा हो गया. जिले के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के कांटल के पास एक 12-सीटर गाड़ी और टैंकर के बीच टक्कर में करीब 9 लोगों की मौत हो गई है जबकि 15 लोग घायल हैं.
घायलों को रात में ही इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.
घायलों में से दो की हालत गंभीर है, जिनको उदयपुर रेफर किया गया है. 12 सीटर तूफान गाड़ी में कुल 25 लोग सवार थे. मरने वालों में से एक शिवगंज निवासी था और एक सुमेरपुर का रहने वाला था. बाकी सभी सात मृतक उदयपुर जिले के ओगणा थाना इलाके से आए थे. बताया जा रहा है कि सभी मजदूरी करने के लिए पाली जिले जा रहे थे. तभी रास्ते में ये दर्दनाक हादसा हुआ.
सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख
सिरोही जिले में हुए इस हादसे को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट कर संवेदनाएं व्यक्त कीं. सीएम भजनलाल शर्मा ने पोस्ट में लिखा, “पिंडवाड़ा के कांटल में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में एक दर्जन लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोकाकुल परिजनों के साथ है. प्रभु श्रीराम से प्रार्थना हे कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें.”
