05 या 06 सितंबर कब रखा जाएगा हरतालिका तीज व्रत? जानिए सही तिथि और शुभ मुहूर्त

वैदिक पंचांग के अनुसार, भाद्रपद मास की शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि के दिन हरतालिका तीज व्रत का पालन किया जाता है. यह व्रत भगवान शिव और माता पार्वती की उपासना के लिए समर्पित है और इस दिन पूजा-पाठ और स्नान-दान करने से विशेष लाभ प्राप्त होता है.शास्त्रों में भी हारतालिका तीज व्रत के महत्व को विस्तार से बताया गया है. हरतालिका तीज व्रत की सही तिथि और शुभ मुहूर्त.
हरतालिका तीज 2024 तिथि
वैदिक पंचांग के अनुसार, भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 05 सितंबर दोपहर 12:20 पर शुरू हो रही है और इस तिथि का समापन 06 सितंबर दोपहर 03:05 पर होगा. हिंदू धर्म में व्रत और उपवास के लिए उदया तिथि को महत्वपूर्ण माना जाता है. ऐसे में हरतालिका तीज व्रत 06 सितंबर 2024, शुक्रवार के दिन रखा जाएगा. मिथिलांचल में इस दिन चौरचन व्रत रखा जाएगा.
हरतालिका तीज 2024 पूजा मुहूर्त और शुभ योग
पंचांग के अनुसार, हरतालिका तीज पूजा के लिए सुबह का समय बहुत ही उत्तम माना जाता है. ऐसे में इस दिन शुभ मुहूर्त सुबह 06:05 से सुबह 08:35 के बीच रहेगा. पंचांग में यह भी बताया गया है कि इस दिन शुक्ल योग का निर्माण हो रहा है, जो रात्रि 10:15 तक रहेगा और हस्त नक्षत्र भी बन रहा है जो सुबह 9:30 तक रहेगा. हरतालिका तीज के दिन दान-पुण्य को भी महत्वपूर्ण माना जाता है. दान करने के लिए शुभ समय सुबह 11:55 से दोपहर 12:45 तक रहेगा.
हरतालिका तीज व्रत का क्या है महत्व?
शास्त्रों में तीज व्रत के महत्व को विस्तार से बताया गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हरतालिका तीज के दिन भगवान शिव व माता पार्वती की विधिवत उपासना करने से और माता पार्वती को श्रृंगार का सामान अर्पित करने से पारिवारिक और दांपत्य जीवन में सुख-समृद्धि आती है. साथ ही सभी कष्ट दूर हो जाते हैं. इस विशेष दिन पर दान-पुण्य कर्म करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है. संतान प्राप्ति के लिए भी तीज व्रत को बहुत ही उत्तम माना जाता है.
