प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी यू्क्रेन यात्रा के दौरान हिंदी सीख रहे छात्रों से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपनी यू्क्रेन यात्रा के दौरान हिंदी सीख रहे छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों द्वारा दोनों देशों के बीच आपसी समझ को बढ़ावा देने की सराहना की।विदेश मंत्रालय के मुताबिक पीएम ने राजधानी कीव के ओरिएंल स्टडीज स्कूल में हिंदी सीख रहे यूक्रेनी छात्रों से बातचीत की। उन्होंने भारतीय संस्कृति और इतिहास को यूक्रेनी लोगों के करीब लाने में उनके योगदान की प्रशंसा की।
एक छात्र ने कहा, हम बहुत खुश हैं कि हमें प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का मौका मिला। हम उम्मीद करते हैं कि इस मुलाकात से दोनों देशों के रिश्ते और बेहतर होंगे। दूसरे छात्र ने कहा, यह मुलाकात हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे साबित होता है कि भारत और यूक्रेन के बीच अच्छे संबंध हैं। हम उम्मीद करते हैं कि भविष्य में और लोग भी हिंदी सीखेंगे।
इन चार समझौतों पर हुए हस्ताक्षर
प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान भारत और यूक्रेन के बीच चार महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें कृषि और खाद्य उद्योग में सहयोग पर एक समझौता शामिल है, जिसका मकसद दोनों देशों के बीच कृषि और खाद्य सहयोग को बढ़ाना है। दूसरा समझौता चिकित्सा उत्पादों को लेकर हुआ। जिसमें मेडिकल उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा में सुधार के लिए सहयोग किया जाएगा।
तीसरा समझौता सामुदायिक विकास परियोजनाओं के लिए भारत की ओर से मानवीय मदद को लेकर है। जिसमें यूक्रेन के लोगों के लाभ के लिए परियोजनाओं को भारतीय मदद प्रदान की जाएगी। चौथा समझौता सांस्कृतिक सहयोग कार्यक्रम के तहत भारत और यूक्रेन के बीच 2024-28 तक सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ाने को लेकर हुआ। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन समझौतों से भारत और यूक्रेन के बीच संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की उम्मीद है और यह दोनों देशो के बीच सहयोग को और मजबूत करेगा।
