वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप-2024 में भारतीय पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया…..

भारत ने ओलंपिक में कुश्ती की स्पर्धा में अपने प्रदर्शन को जारी रखते हुए इस बार भी मेडल अपने नाम किया था। इस बार ये मेडल अमन सहरावत ने जीता था।वहीं, कुश्ती की स्पर्धा में भारत का एक और सिल्वर मेडल ओलंपिक में पक्का हो गया था लेकिन फाइनल मैच से पहले स्टार पहलवान विनेश फोगाट अयोग्य घोषित हो गईं थी, जिससे भारत ये मेडल जीतने से चूक गया था। पेरिस ओलंपिक के बाद अब अंडर-17 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप-2024 में भारतीय पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया है। इस टूर्नामेंट में भारत ने 4 गोल्ड समेत कुल 6 पदक अपने नाम किए हैं।जॉर्डन के अम्मान में खेली जा रही इस चैंपियनशिप में भारत ने 4 गोल्ड और 2 ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया है। भारत के कुल 30 पहलवान इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे हैं। इसमें से अदिति कुमारी, नेहा सांगवान, पुलकित, मानसी लाठोर ने अब तक इस टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीत लिया है। वहीं, रौनक दहिया और साईनाथ पारधी ने इस टूर्नामेंट में 2 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है।
