ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पॉन्टिंग ने भारत के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले टेस्ट सीरीज का रोमांच बढ़ाना शुरू कर दिया

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पॉन्टिंग ने भारत के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले टेस्ट सीरीज का रोमांच बढ़ाना शुरू कर दिया है. पॉन्टिंग ने आईसीसी में लिखे अपने एक लेख में दावा किया कि इस बार उनकी टीम भारत को 3-1 से मात देगी.दोनों टीमें 1991 के बाद ऑस्ट्रेलिया में एक-दूसरे के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज खेलेंगी. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत के पिछले दो दौरों में मुंह की खाई है और उसे दोनों बार 2-1 से हार का सामना करना पड़ा है, जबकि ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराना हमेशा मुश्किलों भरा रहता है. लेकिन भारत ने अपना दबदबा दिखाकर उसके होश उड़ाए हैं. अब रिकी पॉन्टिंग टीम को पिछली दो हार का बदला लेते देखना चाहते हैं.
पॉन्टिंग का बयान कुछ हो लेकिन भारत में फिलहाल वह ट्रोल हो रहे हैं और अब पड़ोसी देश पाकिस्तान से भी पॉन्टिंग को आईना दिखाया गया है. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘ऑस्ट्रेलियाई माइंड गेम खेलने में भी बहुत आगे होते हैं लेकिन भारत को हराना कोई आसान बात नहीं है.’
उन्होंने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया में अब वैसी पिचें नहीं हैं, जो पहले बाउंस भरी होती थीं. इसके अलावा भारतीय पेस अटैक पर भी वह गौर करें. उनके पास जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और जयदेव (उनादकट) जैसे गेंदबाज हैं, जो उसके लिए चीजें आसान नहीं होने देंगे. इसके अलावा क्या अब स्टीव स्मिथ ओपनिंग पर आ पाएंगे, जिन्होंने वॉर्नर की रिटायरमेंट के बाद कमजोर टीमों के खिलाफ ओपनिंग पर आने का फैसला किया था.’
बासित ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया भारत को अब तभी 3-1 से हरा पाएगा, जब उनकी टीम में बॉलिंग में जसप्रीत बुमराह, शमी और सिराज न हों और इसके साथ-साथ बैटिंग में उनके पास रोहित शर्मा, विराट कोहली और (यशस्वी) जायसवाल न हों. उनके होते हुए तो ऑस्ट्रेलिया के लिए भारत को हराना मुश्किल नहीं नामुमकिन सा होगा.’
यह क्रिकेटर यही नहीं रुका. उन्होंने कहा, ‘पॉन्टिंग के बयान के एक मायने और यह हो सकते हैं कि शायद ऑस्ट्रेलिया इस बार घास वाली बाउंसी पिचें तैयार करने की सोच रहा है. अभी सीरीज शुरू होने में दो-ढाई महीने का वक्त है लेकिन उसने माइंड गेम शुरू कर दिया है. लेकिन क्या ऑस्ट्रेलिया में हिम्मत है कि वह भारत की इस पेस बैटरी के सामने ऐसी बाउंसी पिचें तैयार कर सके. मैं आपको बता दूं कि मेलबर्न, सिडनी और एडिलेड में भारत का दबदबा दिखेगा. पर्थ में भी उनकी एक ही पिच है, जो बाउंसी है, बाकी तो वहां भी पाटा विकेटें दिखती हैं. इसके अलावा ब्रिसबेन एक ऐसी पिच है, जिस पर अच्छा खासा उछाल देखने को मिलेगा.’
