हॉरर फिल्म “द शाइनिंग” की मशहूर अभिनेत्री शेली डुवैल का 75 साल की उम्र में हुआ निधन

हॉरर फिल्म “द शाइनिंग” की मशहूर अभिनेत्री शेली डुवैल अब हमारे बीच नहीं रहीं। 75 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। डुवैल ने टेक्सास के ब्लैंको स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली।
उनके पार्टनर डैन गिलरॉय ने इस खबर की पुष्टि की है। डैन गिलरॉय ने बताया कि उन्हें गंभीर डायबिटीज थी और इस बीच उन्हें कुछ और जटिलताएं हुईं, जिसके कारण उनका निधन हो गया। गिलरॉय ने एक मीडिया हाउस से बातचीत में कहा, ‘मेरी प्यारी, शानदार लाइफ पार्टनर और दोस्त हमें छोड़कर चली गईं। हाल ही में उन्हें बहुत कुछ सहना पड़ा, लेकिन अब वह आजाद हैं। उड़ जाओ, खूबसूरत शेली।’ गिलरॉय ने यह भी बताया कि आखिरी दिनों में शेली को चीजों से डर लगने लगा था। साथ ही डैन ने यह भी खुलासा किया कि शेली को लगने लगा था कि उन पर हमला हो रहा है।
