केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू- कश्मीर में हाल ही में हुए आतंकी हमलों के चलते दिल्ली में हाई लेवल बैठक की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू- कश्मीर में हाल ही में हुए आतंकी हमलों के चलते दिल्ली में हाई लेवल बैठक की। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में गृह मंत्री ने घाटी में आतंकवाद विरोधी अभियानों को तेज करने के लिए सुरक्षाबलों और सैन्य अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।महीने की 29 जून से शुरू होने वाली अमरनाथ तीर्थयात्रा की तैयारियों और श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था का भी अमित शाह ने पूरा जायजा लिया।
सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री को जम्मू-कश्मीर के मौजूदा हालात के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। आने वाले दिनों में सुरक्षाबल वहां आतंकवाद रोधी अभियान तेज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ अभियान प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार चलाया जाएगा।
बैठक में अजीत डोभाल और उपराज्यपाल समेत ये लोग रहे मौजूद
इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी शामिल हुए। इसके साथ ही इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, सीआरपीएफ के महानिदेशक अनीश दयाल सिंह, जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक आरआर स्वैन और अन्य शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने हिस्सा लिया। सेना के चीफ, वाईस चीफ, सेना के 15 और 16 कोर कमांडर भी बैठक में मौजूद रहे।
