गाजा में फंसे 20 अमेरिकी डॉक्टरों में से 17 सुरक्षित रूप से एन्क्लेव से रवाना

हमास और इस्राइल बीते सात महीने से जंग लड़ रहे हैं। अब तक 30 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इस्राइल ने गाजा में जमीनी स्तर पर हमले तेज कर दिए है। इस बीच, जहां एक राहत की तो वहीं एक दुखद खबर सामने आई है।दरअसल, गाजा में फंसे 20 अमेरिकी डॉक्टरों में से 17 सुरक्षित रूप से एन्क्लेव से रवाना हो गए हैं। हालांकि, इस्राइल के लिए अच्छी खबर नहीं है, युद्धग्रस्त गाजा पट्टी से शुक्रवार को तीन बंधकों के शव बरामद किए गए हैं।

तीनों की हुई पहचान
इस्राइल रक्षा बलों (आईडीएफ) और हमास के बीच भीषण लड़ाई के बीच गाजा पट्टी से तीन बंधकों के शव बरामद किए गए।आईडीएफ के प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हगारी का हवाला देते हुए एक मीडिया रिपोर्ट में बताया कि जिन तीन लोगों के शव बरामद हुए हैं, उनकी पहचान इत्जाक गेलेरेंट, अमित बुस्किला और शनि लुक के रूप में हुई है। तीनों के शव रातभर चले अभियान के दौरान मिले।

हगारी ने कहा, ‘सात अक्तूबर को हमास ने जब इस्राइल पर हमला किया था, तब इन तीनों को मार गिराया था। बाद में आतंकवादी शवों को गाजा ले गए थे।’ शुरुआत में माना गया था कि तीन बंधकों में से दो गेलेरेंटर और बुस्किला जिंदा है। जबकि अक्तूबर के अंत में लुक को मृत घोषित कर दिया गया था।

अमेरिका का बड़ा कदम- डॉक्टर सुरक्षित रूप रवाना
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने शुक्रवार को बताया कि इस्राइल द्वारा राफा से मिस्र तक सीमा पार करने पर रोक लगाए जाने के बाद गाजा में 20 अमेरिकी डॉक्टर फंस गए थे। हालांकि, अब इनमें से 17 डॉक्टर सुरक्षित रूप से एन्क्लेव से रवाना हो गए।

किर्बी ने कहा, ‘वे बाहर हैं। 20 अमेरिकी डॉक्टर थे। 17 अब सुरक्षित हैं। आज वह वहां से बाहर आए। सभी 17 वहां से निकलना चाहते थे। मैं अन्य तीन के बारे में फिलहाल कुछ नहीं बोलूंगा, लेकिन बस, मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि उनमें से कोई भी जो छोड़ना चाहता था वह अब बाहर है।’

विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि यरुशलम में अमेरिकी दूतावास के समर्थन से अमेरिकियों को बाहर सुरक्षित निकाला गया है। उन्होंने कहा कि हम इन नागरिकों के परिवारों के संपर्क में भी हैं।

एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जिन तीन डॉक्टरों ने गाजा से नहीं आने का विकल्प चुना, उन्होंने यह इसलिए किया था क्योंकि उन्हें लगा नहीं था कि अमेरिकी दूतावास उन लोगों को वहां से सुरक्षित निकाल पाएगा। सूत्र ने बताया कि दूतावास की टीम सीमा पर डॉक्टरों की अगवानी के लिए केरेम शालोम क्रॉसिंग पर गई थी, लेकिन उन्होंने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी कि डॉक्टर सीमा पार कैसे पहुंचे।

सात माह से जंग जारी
हमास ने सात अक्तूबर को इस्राइली शहरों पर पांच हजार से ज्यादा रॉकेट दागकर हमले की शुरुआत की थी। इसके बाद हमास के आतंकियों ने इस्राइल में घुसकर लोगों को मौत के घाट उतारा। इसके जवाब में इस्राइल ने हमास आतंकियों के खिलाफ गाजा में ऑपरेशन शुरू किया था। इस ऑपरेशन में गाजा स्थित हमास के ठिकानों पर जबरदस्त बमबारी की गई है, जिससे अधिकतर गाजा खंडहर में तब्दील हो गया है। अब तक इस्राइल और गाजा में कुल मिलाकर 30000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]