आज सुबह होगा मुख्तार का पोस्टमार्टम

आधी रात के बाद मुख्तार का शव मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी से मोर्चरी पहुंचा दिया गया। मुख्तार का परिवार बांदा पहुंच गया है। बेटा उमर मोर्चरी हाउस पहुंचा। परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच रहे हैं।सुबह नौ बजे पोस्टमार्टम होगा। इससे पहले मेडिकल कालेज में जब तक उसका शव रहा, मरीजों, तीमारदारों व स्टाफ के आने-जाने पर भी रोक लगी रही। करीब चार घंटे बाद शव को कड़ी सुरक्षा में मार्चरी ले जाया गया, जहां पुलिस का सख्त पहरा है।मुख्तार की मौत की पुष्टि के बाद करीब साढ़े बारह बजे तक उसे इमरजेंसी में ही रखा गया। इस तरह करीब चार घंटे तक इमरजेंसी, आईसीयू व आसपास का इलाका सील रहा। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच केवल अफसर ही इस इलाके में आते-जाते रहे। शहर और जेल में कड़ी चौकसी का जायजा लिया गया, उसके बाद शव को मार्चरी में लाने का निर्णय हुआ। अब परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि सुबह नौ पोस्टमार्टम के बाद जल्द से जल्द परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया जाएगा। शव को परिजन गाजीपुर ले जाएंगे। वहां के लिए प्रशासन ने रूट मैप भी तय कर दिया है। शव के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का भी इंतजाम किया जा रहा है। जुमे के मद्देनजर खास चौकसी का निर्देश है।
अन्य परिवार भी बांदा रवाना
इसके साथ ही मुख्तार के बड़े बेटे अब्बास अंसारी की पत्नी निखत भी बांदा के लिए रवाना हो गई हैं। वहीं अफजाल अंसारी कुछ देर पहले गाजीपुर से बांदा के लिए रवाना हुए हैं और हाईकोर्ट में मुख्तार अंसारी की पैरवी करने वाले वकील अजय श्रीवास्तव भी बांदा के लिए रवाना हुए है।
