क्रिकेट नियम बनाने वालों को स्टीव स्मिथ ने दी सलाह

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ इस बात से खुश नहीं हैं कि तेज गेंदबाज अकसर लेग साइड पर लगातार बाउसर्स का अटैक करते हैं. उन्होंने कहा कि इससे बल्लेबाज विकेट के सामने कोई शॉट नहीं खेल सकता और खेल बोरिंग हो जाता है.ऐसे में इससे बचने के लिए तेज गेंदबाजों पर एक सीमा तय करनी चाहिए और इसके उल्लंघन के बाद उनकी ऐसी बॉलों को वाइड करार देना चाहिए.
स्मिथ ने कहा कि क्रिकेट अधिकारियों को इस पर गौर करना चाहिए क्योंकि इसके चलते बल्लेबाज विकेट के सामने कहीं भी शॉट नहीं लगा पा रहे हैं. आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा कि गेंदबाज को ऐसी एक या दो गेंद डालने की ही इजाजत होनी चाहिए, जिसके बाद उन्हें चेतावनी दी जानी चाहिए या गेंद वाइड करार दिया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, ‘लेग साउड में बाउंसर फेंकने को लेकर नियम में बदलाव किया जा सकता है. आप विकेट के सामने शॉट खेल ही नहीं पाते. ऐसी गेंद डालने पर उसे वाइड करार दिया जाना चाहिए या गेंदबाज को चेतावनी मिलनी चाहिए.’
सिडनी मॉर्निंग हैराल्ड से बात करते हुए स्मिथ ने इस नकारात्मक बॉलिंग की लेफ्टआर्म स्पिन गेंदबाजों से तुलना करते हुए कहा, ‘यह ठीक वैसे ही है, जब कोई लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाज ओवर द विकेट बॉलिंग करता है और जब वह लेग साइड से बाहर बॉलिंग करने लगता है तो उसे चेतावनी मिल जाती है और इसके बाद अंपायर उनकी गेंदों को वाइड करार देना शुरू कर देते हैं.’
उन्होंने कहा, ‘जब आप ऐसे ही मामले में स्पिनरों को चेतावनी दे देते हैं तो फिर तेज गेंदबाजों के लिए भी यही नियम होना चाहिए. उनकी एक या दो गेंद के बाद चेतावनी जारी कर ऐसी गेंदों को वाइड करार देना ही चाहिए.’
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन टेस्ट मैच में पहली पारी में 31 रन बनाने वाले स्मिथ ने कहा कि अगर गेंद लेग साइड में बहुत मुड़ रही है तो बल्लेबाज कोई भी स्ट्रोक नहीं खेल पाता. बता दें स्मिथ बीते कई सालों से गेंदबाजों को अपने खिलाफ ऐसी गेंदबाजी करते देख खीझने लगे हैं. अकसर ऐसी बॉलिंग के खिलाफ फील्डिंग कप्तान लेग साइड में भी अपने ज्यादा से ज्यादा फील्डर तैनात कर देता और फिर इंतजार करता है कि बल्लेबाज ऊब कर कोई खराब शॉट खेले, जिसे लपकने के लिए उसने अपने फील्डर्स तैनात किए हैं.
