गांधीनगर सीट से अमित शाह का चुनाव लड़ना लगभग हुआ तय

आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस बीच गुजरात की लोकसभा सीटों को लेकर अहम जानकारी सामने आई है कि भाजपा की ओर से किस सीट पर यहां कौन दावेदारी पेश कर रहा है।रिपोर्ट्स के अनुसार गांधीनगर सीट से अमित शाह का चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यहां से भाजपा का कोई और नेता टिकट के लिए दावेदारी पेश करने वाला नहीं है।
इसके अलावा अहमदाबाद पूर्व लोकसभा सीट से टिकट के लिए 20 दावेदार हैं। इस सीट से पूर्व गृह मंत्री प्रदीप जडेजा और गोरधन झड़पिया ने टिकट के लिए दावेदारी पेश की है। वहीं, अहमदाबाद पश्चिम सीट से सांसद डॉ. किरीट सोलंकी समेत कई पूर्व विधायक टिकट मांग रहे हैं। राजकोट से पुरुषोत्तम रूपला समेत पांच नेताओं ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। वहीं, भावनगर सीट से केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया समेत छह नेता टिकट के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सूरत लोकसभा सीट से दर्शनाबेन जरदोश समेत पांच नेताओं ने टिकट की मांग की है। दर्शनाबेन वर्तमान में सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री हैं। मेहसाणा लोकसभा सीट से पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल समेत पांच नेताओं ने टिकट मांगा है। दाहोद से जसवंत सिंह भाभोर समेत तीन नेता चुनाव लड़ना चाहते हैं। वहीं, बनासकांठा से वर्तमान सांसद पर्वचत पटेल समेत दो अन्य नेता दावेदार हैं। हालांकि, यह समय ही बताएगा कि भाजपा किस सीट पर कौन से नेता पर भरोसा जताएगी।
