यूपी सरकार ने कृषि यंत्र वितरण योजना से जुड़े हजारों किसानों को बड़ी राहत देने का लिया फैसला

उत्तर प्रदेश सरकार ने कृषि यंत्र वितरण योजना से जुड़े हजारों किसानों को बड़ी राहत देने का फैसला लिया है। जिन किसानों ने योजना के तहत कृषि यंत्रों की बुकिंग के समय टोकन मनी जमा की थी, लेकिन उन्हें कृषि यंत्र नहीं मिल सका, उनकी जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लंबित मामलों का निस्तारण तय समय सीमा में पूरा किया जाए ताकि किसानों को जल्द राहत मिल सके।

वंचित किसानों को लौटाई जाएगी जमा राशि

कृषि मंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि जिन किसानों को कृषि यंत्र उपलब्ध नहीं हो सके, उनकी जमा टोकन मनी वापस करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों के खातों में धनराशि शीघ्र भेजी जाए और इस पूरी प्रक्रिया को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाए।

हजारों किसानों को मिल चुका है लाभ

सरकार के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में कृषि यंत्रों की बुकिंग कराने वाले 38,568 किसानों को कृषि यंत्र उपलब्ध नहीं हो पाए थे। ऐसे किसानों की 15.16 करोड़ रुपये से अधिक की टोकन मनी उनके बैंक खातों में वापस भेजी जा चुकी है। अब विभाग को वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2023-24 के उन किसानों की धनराशि लौटाने की प्रक्रिया भी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनकी राशि अभी लंबित है। इन वर्षों के 9,837 किसानों की लगभग 3.57 करोड़ रुपये की टोकन मनी वापस की जानी है।

उर्वरकों की उपलब्धता पर भी सरकार सख्त

बैठक में कृषि मंत्री ने जिलों में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए और किसी भी जिले में कृत्रिम कमी या वितरण संबंधी परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही, जिन जिलों में योजनाओं का प्रदर्शन लक्ष्य के अनुरूप नहीं रहा, वहां के संबंधित अधिकारियों को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]