अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय द्वारा थाना ओबरा में अपराध समीक्षा बैठक एवं कस्बा ओबरा में पैदल गश्त
अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय द्वारा थाना ओबरा में अपराध समीक्षा बैठक एवं कस्बा ओबरा में पैदल गश्त

* लंबित विवेचनाओं एवं आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
* आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर दिया गया विशेष जोर।
* कस्बा ओबरा में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।
आज दिनांक 22.06.2026 को अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सोनभद्र श्री अनिल कुमार द्वारा थाना ओबरा पर क्षेत्राधिकारी ओबरा श्री प्रभात राय, प्रभारी निरीक्षक ओबरा एवं समस्त विवेचकगण के साथ बैठक की गई।

बैठक के दौरान थाना स्तर पर लंबित विवेचनाओं, आईजीआरएस प्रकरणों, शिकायतों एवं अन्य महत्वपूर्ण मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा विवेचकों को निर्देशित किया गया कि विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आईजीआरएस एवं जनशिकायतों के निस्तारण में विशेष संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता बरती जाए। साथ ही वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अपराध नियंत्रण एवं प्रभावी पुलिसिंग के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहने, अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं भड़काऊ सूचनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने हेतु सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय द्वारा थाना ओबरा पुलिस बल के साथ कस्बा ओबरा में पैदल गश्त किया गया। पैदल गश्त के दौरान प्रमुख बाजारों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान आमजन, व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक प्राप्त किया गया तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही पुलिस कर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
