Sunny Deol Angry Video: ‘शर्म नहीं आती, तुम्हारे घर में मां-बाप नहीं’, धर्मेंद्र के घर पहुंचते ही भड़क उठे सनी देओल

मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र इन दिनों स्वास्थ्य समस्याओं के कारण सुर्खियों में हैं। हाल ही में सांस लेने में कठिनाई होने पर उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।अब वो सुरक्षित रूप से घर लौट चुके हैं। घर पर ही उनका इलाज जारी है और डॉक्टर्स की निगरानी में वे रिकवर कर रहे हैं। इस दौरान उनके करीबी उनके स्वास्थ्य का हाल जानने घर पहुंच रहे हैं। इस बीच पैपराजी भी घर के बाहर मौजूद हैं। आज सुबह एक वीडियो सामने आया, जिसमें सनी देओल काफी गुस्से में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में सनी देओल ने पैपराजी पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। हालांकि लोगों का कहना है कि उनका गुस्सा जायज है।
पैपराजी पर अपनी नाराजगी जाहिर की
वीडियो में देखा जा सकता है कि सनी देओल अपने घर से बाहर निकलते हैं और सामने खड़े पैपराजी को देख आगबबूला हो जाते हैं। उन्होंने जोर-जोर से कहा, ‘आप लोगों को शर्म नहीं आती? आपके घर में भी मां-बाप और बच्चे होंगे, और आप वीडियो बना रहे हैं। शर्म नहीं आती।’ इस दौरान सनी ने हाथ जोड़ते हुए पैपराजी को कड़ी नसीहत दी। वीडियो में उनके चेहरे पर गुस्सा और पिता धर्मेंद्र की चिंता दोनों स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। सनी देओल घर के कपड़ों में, लोवर और ग्रे शर्ट में बाहर नजर आए।
फैंस का रिएक्शन
वीडियो देखने के बाद फैंस का रिएक्शन भी सामने आया है। लोगों का कहना है कि सनी देओल का गुस्सा उचित है। जिस तरह पैपराजी उनके घर के बाहर खड़े हैं, वो पूरी तरह से प्राइवेसी का उल्लंघन है। एक शख्स ने लिखा, ‘ये क्या हरकत है, उन्हें अकेला क्यों नहीं छोड़ते।’ एक अन्य ने कहा, ‘ऐसे में किसी को भी गुस्सा आएगा ही।’ एक और ने लिखा, ‘पहले अफवाह फैलाई और अब परेशान कर रहे हैं।’
