क्रांति गौड़ बनीं वर्ल्ड चैंपियन! मध्य प्रदेश सरकार ने खोला खजाना

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को इतिहास रच दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला विश्व खिताब जीता।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ियों पर देशभर से बधाइयों और इनामों की बौछार हो रही है।
जहां आईसीसी ने विजेता टीम को लगभग 40 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी, वहीं बीसीसीआई और विभिन्न राज्य सरकारों ने भी खिलाड़ियों को सम्मानित करने का फैसला लिया। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य की खिलाड़ी क्रांति गौर को 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा- पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया
सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “मैं अपने प्रदेश और देश की बेटियों को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने कल रात क्रिकेट में जिस तरह से धूम मचाई। जब भारतीय टीम ने विश्व कप फाइनल जीता, तब मध्य प्रदेश की क्रांति गौर भी उस टीम का हिस्सा थीं। मैं उन्हें और पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूं।”
