भारत के साथ ट्रेड डील को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान

झींगे और उनके फीड बिजनेस से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बुधवार को अच्छी तेजी आई है। इन कंपनियों के शेयर बुधवार को 4 पर्सेंट तक उछल गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भारत के साथ जल्द ट्रेड डील होने का संकेत दिया है, इसी के बाद इन कंपनियों के शेयरों में तेजी आई है।
ट्रंप के इस हालिया कमेंट से निवेशकों के सेंटीमेंट को मजबूती मिली है। भारत-अमेरिका ट्रेड डील से इंडियन एक्सपोर्ट्स पर लगने वाला टैरिफ घटने की उम्मीद है, जिससे एक्सपोर्ट-आधारित सेक्टर्स को सीधा फायदा होगा।
4% उछल गए एपेक्स फ्रोजन फूड्स के शेयर
झींगों का निर्यात करने वाली कंपनी एपेक्स फ्रोजन फूड्स के शेयरों में बुधवार को अच्छी तेजी आई है। एपेक्स फ्रोजन फूड्स के शेयर बुधवार को 4 पर्सेंट की तेजी के साथ 247.65 रुपये पर पहुंच गए। जील एक्वा के शेयर भी उछाल के साथ 10.60 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं। अवंती फीड के शेयर BSE में तेजी के साथ 727.40 रुपये पर जा पहुंचे हैं। वहीं, कोस्टल कॉरपोरेशन लिमिटेड के शेयर 3 पर्सेंट के उछाल के साथ 43 रुपये पर पहुंच गए हैं। सीफूड इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी वाटरबेस के शेयरों में भी 2 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिल रही है।
टेक्सटाइल शेयरों में भी उछाल
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के संकेत के बाद टेक्सटाइल कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली है। गोकलदास एक्सपोर्ट्स लिमिटेड के शेयर बुधवार को करीब 4 पर्सेंट की तेजी के साथ 898 रुपये पर पहुंच गए हैं। वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड के शेयर 3 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 446.70 रुपये पर जा पहुंचे हैं। किटेक्स गारमेंट्स के शेयर बुधवार को 2 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी के साथ 214.45 रुपये पर पहुंच गए हैं। इंडो-काउंट इंडस्ट्रीज के शेयर भी उछलकर 292 रुपये पर पहुंच गए हैं।
इन कंपनियों के शेयरों में तेजी की वजह
निर्यात आधारित इन कंपनियों के शेयरों में उस समय बड़ी गिरावट देखने को मिली थी, जब ट्रंप प्रशासन ने इंडियन इंपोर्ट्स पर टैरिफ को बढ़ाकर 50 पर्सेंट कर दिया था। इस टैरिफ का टेक्सटाइल और सीफूड इंडस्ट्री पर सबसे ज्यादा असर देखने को मिला था। अब भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने के संकेत मिल रहे हैं, जिसमें टैरिफ घटने की उम्मीद लगाई जा रही है। इंडियन इंपोर्ट पर टैरिफ घटने का सीधा फायदा इन कंपनियों को होगा।
