महिला सुरक्षा के संकल्प के साथ सोनभद्र पुलिस का सघन चेकिंग अभियान
महिला सुरक्षा के संकल्प के साथ सोनभद्र पुलिस का सघन चेकिंग अभियान

“मिशन शक्ति फेज 5.0” के अंतर्गत 84 स्थानों पर कुल 1144 व्यक्तियों की चेकिंग तथा 33 पर हुई निरोधात्मक कार्यवाही

उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित “मिशन शक्ति फेज 5.0” के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में एक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारू द्विवेदी के पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखना एवं महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम करना था।
________________________________________
अभियान की प्रमुख उपलब्धियां:
चेकिंग स्थलों की कुल संख्या: 84
कुल व्यक्तियों की चेकिंग: 1144
चेतावनी देकर छोड़े गए व्यक्ति: 437
निरोधात्मक (धारा 126/135/170 बीएनएसएस) कार्रवाई: 33 व्यक्तियों पर
________________________________________
अभियान का स्वरूप:-
यह चेकिंग अभियान जनपद के भीड़भाड़ वाले बाजारों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक परिवहन स्थलों, पार्कों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में चलाया गया। टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई तथा महिला सुरक्षा में बाधा उत्पन्न करने की आशंका रखने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी गई।
चेकिंग के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर (1090, 112, 181, 1098) की जानकारी दी गई तथा उनकी सुरक्षा के प्रति पुलिस की तत्परता का भरोसा दिलाया गया।
________________________________________
जनपद पुलिस की अपील:-
जनपद सोनभद्र पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। “मिशन शक्ति” अभियान के तहत ऐसे सुरक्षा उपाय भविष्य में भी जारी रहेंगे। आमजन से अनुरोध है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें एवं सहयोग करें।
