खड़िया खदान में ओबी कंपनी के मजदूरों का बोनस न मिलने पर नाराजगी, प्रबंधन ने 10 दिन का समय मांगा
खड़िया खदान में ओबी कंपनी के मजदूरों का बोनस न मिलने पर नाराजगी, प्रबंधन ने 10 दिन का समय मांगा।

रितेश शर्मा संवाददाता शक्ति नगर सोनभद्र।
शक्तिनगर/सोनभद्र। खड़िया खदान में कार्यरत VPR Mining Infrastructure Pvt. Ltd के मजदूरों ने दिवाली से पहले बोनस न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। मजदूरों ने प्रबंधन को पत्र लिखते हुए कोल इंडिया की स्टैंडराइजेशन कमेटी द्वारा 29 सितंबर 2024 को लिए गए निर्णय का हवाला दिया है, जिसमें ठेका कर्मचारियों और आउटसोर्सिंग कंपनियों के मजदूरों को पीएलआई/सालाना बोनस दिवाली से पूर्व भुगतान किए जाने की बात कही गई थी। मजदूरों का आरोप है कि खड़िया क्षेत्र के प्रबंधन ने अभी तक VPR Mining Infrastructure Pvt. Ltd. को इस संदर्भ में कोई निर्देश जारी नहीं किया है। मजदूरों का कहना है कि खदान के उत्पादन में उनका 60 से 70 प्रतिशत योगदान है, और वे वर्ष 2019 से अगस्त 2024 तक लगातार कार्यरत रहे हैं। इसके बावजूद, वर्ष 2023-2024 का पीएलआई बोनस उन्हें अब तक नहीं मिला है। मजदूरों से हुई चर्चा के बाद खड़िया क्षेत्र के महाप्रबंधक ने कहा है कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया गया है और बोनस भुगतान की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया है कि अगले 10 दिनों के भीतर उनका पीएलआई बोनस भुगतान कर दिया जाएगा।मजदूरों ने मांग की है कि उनके अधिकारों को सुनिश्चित करते हुए बोनस भुगतान में कोई देरी न हो। इस दौरान आनंद चौबे, राजू ठाकुर, ऋषि शुक्ला, जयप्रकाश, अनिल गुप्ता, रामकुमार सिंह और वीरेंद्र कुमार समेत अन्य मजदूर उपस्थित रहे।
