अनंत-राधिका प्री-वेडिंग सेरेमनी: जानें कैसी है जामनगर एयरपोर्ट की सजावट

देश-दुनिया के सबसे चर्चित परिवारों में शुमार अंबानी परिवार के लिए आज बड़ी खुशी का मौका है. रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी के सबसे छोटे बेटे 28 वर्षीय अनंत अंबानी, उद्योगपति वीरेन मर्चेंट और उनकी पत्नी शैला मर्चेंट की 29 वर्षीय बेटी राधिका मर्चेंट से शादी करने जा रहे हैं इस बीच जामनगर एयरपोर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में एयरपोर्ट की तैयारियों का नजारा दिखाई दे रहा है. वीडियो में दिखाया गया है कि मेहमानों के स्वागत के लिए जामनगर का एयरपोर्ट दुल्हन की तरह सजाया गया है. चारों ओर फूलों की सजावट की गई है. नारंगी, गुलाबी और नीले कपड़ों से सजाया गया है. मेहमानों का स्वागत पारंपरिक तरीके से करने के लिए यहां पेंटिंग और लैंप भी रखे गए हैं. इससे मेहमानों को शाही मेहमानों जैसा अनुभव होगा.
पूरी तरह बदला हुआ है एयरपोर्ट का नजारा
इसके अलावा वीडियो में जामनगर एयरपोर्ट की सुरक्षा का नजारा भी दिखाया गया है. यहां चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं. यहां वीआईपी लाउंज भी इस तरह सजाया गया है कि मेहमानों को अपने आप में कुछ अलग महसूस हो. बता दें, जामनगर एयरपोर्ट नजारा आज पूरी तरह बदला हुआ है. इसे वैसे तो रोज सिंगल-डिजिट लैंडिंग के लिए उपयोग किया जाता है, लेकिन, आज यानी 1 मार्च को यहां 50 से अधिक फ्लाइट की लैंडिंग होगी. पूरे एयरपोर्ट को रिलायंस द्वारा सजाया गया है. क्योंकि यहीं से मेहमान आरआईएल रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स जा रहे हैं. जामनगर के साथ उनके गहरे पारिवारिक संबंधों के कारण यह स्थान अंबानी परिवार के लिए विशेष महत्व रखता है.
