रोहित शर्मा ने तोड़ा सौरव गांगुली का रिकॉर्ड

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने राजकोट टेस्ट मैच की पहली पारी में टीम इंडिया को बुरी स्थिति से बाहर निकालते हुए अच्छी पारी खेली। इस मैच में भारतीय टीम ने अपने 3 विकेट सिर्फ 33 रन के योग पर गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभालने का काम किया।इस मैच में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रविंद्र जडेजा को बुलाया गया था जिनका राजकोट में ट्रैक रिकॉर्ड बल्लेबाजी में अच्छा है। राजकोट टेस्ट की पहली पारी में अपनी इनिंग के दौरान रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पूर्व कप्तान सौरव गांगुली से आगे निकल गए।इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में रोहित शर्मा अब चौथे स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया जो पहले चौथे स्थान पर थे, लेकिन अब वह पांचवें नंबर पर खिसक गए। रोहित शर्मा के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में अब 18,577 रन (खबर लिखे जाने तक) हो गए हैं जबकि गांगुली के नाम पर कुल 18575 रन थे। इस लिस्ट में पहले नंबर पर 34,357 रन के साथ सचिन तेंदुलकर पहले स्थान पर हैं।
