केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी शक्तिनगर में दिनांक 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।

केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी शक्तिनगर में दिनांक 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।

रविन्द्र सिंह
उप -संपादक

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों को आत्मसात् करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रीति शर्मा द्वारा संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात संपूर्ण विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया तथा संविधान के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्राथमिक विभाग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने संविधान सभा के विभिन्न सदस्यों की भूमिका का प्रभावशाली अभिनय (रोल-प्ले) प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से भारतीय संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों को प्रस्तुत करते हुए उनके महत्त्व को समझा। कक्षा छठवीं के विद्यार्थी त्रिपुरारी शरण पाण्डेय ने संस्कृत भाषा में भारतीय संविधान की प्रमुख विशेषताओं का परिचय देकर कार्यक्रम को विशिष्ट आयाम प्रदान किया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से संविधान रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान के महत्त्व, नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के टीजीटी (सामाजिक विज्ञान) श्री राजेश कुमार ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की संरचना, विशेषताओं एवं महत्त्वपूर्ण प्रावधानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रीति शर्मा ने अपने उद्बोधन में भारतीय संविधान को देश की एकता, अखंडता, समानता एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण में उतारने के लिए प्रेरित किया।
कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए संविधान विषयक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने ज्ञान और समझ का परिचय दिया। वहीं, कक्षा नौवीं से ग्यारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संविधान, लोकतंत्र एवं नागरिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन विद्यालय के पीजीटी (अर्थशास्त्र) श्री अजय पाण्डेय द्वारा किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना को सुदृढ़ करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]