IND U19 vs ZIM U19: वैभव सूर्यवंशी ने फिर मचाया तांडव, जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया तूफानी अर्धशतक

वैभव सूर्यवंशी का बल्ला एक बार फिर चला है। उनके बल्ले से फिर तूफानी अंदाज में रन निकले हैं। इस बार उनके निशाने पर जिम्बाब्वे की टीम आई है। बुलवायों में खेले जा रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप के मैच में वैभव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी कर अर्धशतक जमाया है।
उनकी ये पारी ज्यादा लंबी नहीं चली लेकिन इसने भारत के लिए एक मजबूत स्कोर की नींव रख दी। ये वर्ल्ड कप में वैभव का दूसरा अर्धशतक है। उनसे शतक की उम्मीद थी, लेकिन वह पूरी नहीं कर सके और आउट हो गए। आउट होने से पहले उन्होंने टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया था जिसमें से आधे रन तो उनके ही थे।
173 की स्ट्राइक रेट से की बल्लेबाजी
वैभव ने इस मैच में 30 गेंदों का सामना किया और 52 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में इस बल्लेबाज ने चार चौके और चार छक्के मारे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 173.33 का रहा। वह जब आउट हुए तो टीम का स्कोर 101 रन था। वैभव के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे एरॉन जॉर्ज ने भी शुरुआती ओवरों में तेजी दिखाई। वह हालांकि, 16 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर आउट हो गए।
उनके बाद आए कप्तान आयुष म्हात्रे ने 21 रनों का योगदान दिया जिसमें 19 गेंदों का सामना किया। अपनी पारी में कप्तान ने एक चौका और दो छक्के मारे। इस बीच वैभव ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था और उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद थी। कप्तान के आउट होने के एक रन बाद ही वैभव आउट हो गए।
बांग्लादेश के खिलाफ भी जमाया था अर्धशतक
इससे पहले, वैभव ने बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में भी अर्धशतक जमाया था। उस मैच में वैभव ने 67 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 72 रनों की पारी खेली थी। वैभव की वो पारी उम्मीद के मुताबिक धीमी थी, लेकिन इस पारी में शतक की उम्मीद लग रही थी जो पूरी नहीं हो पाई। वैभव जिस अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं उसे देखते हुए ये किसी को भी पता नहीं होता कि अगली गेंद पर क्या होने वाला है।
भारत इस बार वर्ल्ड कप जीतने का प्रबल दावेदार है और उसे अगर ये ट्रॉफी उठानी है तो फिर वैभव के बल्ले का चलना काफी जरूरी है।
