गुजरात के बनासकांठा पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में मारे गए मध्य प्रदेश के 18 मजदूरों का एक साथ अंतिम संस्कार नर्मदा किनारे किया गया

गुजरात के बनासकांठा पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में मारे गए मध्य प्रदेश के 18 मजदूरों का अंतिम संस्कार गुरुवार को नर्मदा किनारे किया गया। देवास जिले के खातेगांव के पास गांव संदलपुर के नर्मदा किनारे 18 चिताएं एक साथ जलाई गईं।जिसने भी ये दिल दहलाने वाला दृश्य देखा, उसके आंसू नहीं थम रहे थे।
बता दें कि गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री हादसे में देवास के संदलपुर के 10 और हरदा जिले के आठ मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी। करीब 48 घंटे बाद उनके शव उनके पैतृक गांव पहुंचे। एंबुलेंस पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसर गया, चारों तरफ विलाप सुनाई देने लगा। कोई अपने बेटे को तो कोई अपनी बेटी को ताबूत में देख कर फूट-फूटकर रोने लगा। प्रशासन ने शवों को पांच मिनट के लिए मृतक परिवारों के घर के सामने रखा, फिर अंतिम संस्कार के लिए नेमावर रवाना किया। नेमावर घाट पर 18 शवों के अंतिम संस्कार के दौरान पूरा माहौल गमगीन था।
