चैम्पियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल की 4 टीमें तय? कब और किससे होगा भारत का मुकाबला

चैम्पियंस ट्रॉफी अब लीग चरण में अपने अंतिम दौर की तरफ जा रही है और सेमीफाइनल खेलने वाली चार टीमों का निर्धारण भी लगभग हो ही गया है। ग्रुप बी में मामला रोचक देखने को मिला है।ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के बीच लाहौर में खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया।
मुकाबला रद्द होने का फायदा ऑस्ट्रेलिया को मिला और अफगानिस्तान को नुकसान हुआ। दोनों टीमों को एक-एक अंक बाँट दिया गया। इससे ऑस्ट्रेलियाई टीम 4 अंकों के साथ ग्रुप में टॉप पर पहुँच गई और पहला स्थान मिलते ही अगले चरण में स्थान बना लिया।
अब दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान दोनों के ही 3-3 अंक हैं लेकिन अफ्रीकी टीम बेहतर नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। अफगान टीम का नेट रन रेट माइनस में है। इससे उनको नुकसान हुआ है। इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के मैच में अगर दक्षिण अफ्रीकी टीम हारती है, तो ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि वहां हार-जीत का अंतर मायने रखेगा।
इंग्लैंड की टीम अगर पहले बैटिंग करती है, तो अफ्रीका के सामने 207 रन से जीतने पर अफगानिस्तानी टीम आगे जाएगी। अगर इंग्लिश टीम बैटिंग बाद में करती है, तो 12 ओवर से पहले चेज करना होगा, भले ही लक्ष्य 300 का ही क्यों नहीं हो। दोनों ही कंडीशन काफी मुश्किल नज़र आती है। ऐसे में कहा जा सकता है कि ग्रुप बी से सेमीफाइनल में जाने वाली दूसरी टीम दक्षिण अफ्रीका ही होगी। अगर इंग्लैंड और अफ्रीका का मैच रद्द होता है, तो एक अंक लेकर अफ्रीका वैसे सेमीफाइनल में चली जाएगी।
Champions Trophy में ग्रुप ए की टॉप टीम?
भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमें ग्रुप ए से सेमीफाइनल में है लेकिन यह तय नहीं हुआ है कि कौन सी टीम पहले स्थान पर रहेगी क्योंकि दोनों का मुकाबला 2 मार्च को है। इसके बाद ही तालिका में टॉप टीम का स्थान पता चल पाएगा।
ग्रुप ए में टॉप टीम का सेमीफाइनल मैच ग्रुप बी की सेकंड स्थान वाली टीम से होगा और यह दुबई में ही होगा। अगर टीम इंडिया पहले स्थान पर रहती है, तो ठीक है, दूसरे स्थान पर रहेगी, तब भी मैच दुबई में ही होगा। उस स्थिति में ग्रुप बी से पहले स्थान वाली टीम भारत के साथ खेलेगी। तालिका में टीम इंडिया का स्थान बदलने पर सेमीफाइनल खेलने वाली टीम बदल जाएगी लेकिन वेन्यू दुबई रहेगा और यह मैच 5 मार्च को खेला जाएगा।
