गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में एक फ्लैट में फटा गीजर

गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में सोमवार सुबह एक फ्लैट में गीजर फटने की घटना ने लोगों को हिला दिया। घटना शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसाइटी के ए टॉवर में हुई, जहां गीजर में हुए धमाके के बाद आग लग गई।
गनीमत रही कि घटना के समय बाथरूम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सोसाइटी के मेंटेनेंस स्टाफ ने समय रहते आग पर काबू पाया।
क्या हुआ था?
सोसाइटी निवासी कृपाली शाह ने बताया कि सुबह उन्होंने बाथरूम में लगे गीजर को चालू किया था। करीब 15 मिनट बाद गीजर में स्पार्किंग शुरू हो गई, जिससे घबराकर वह बाहर आ गईं। बाहर निकलते ही जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम ने तुरंत गैस की आपूर्ति रोकी और आग बुझाई।
मेंटेनेंस टीम और एओए की सक्रियता
सोसाइटी के एओए अध्यक्ष बलविंदर सिंह परहार ने बताया कि यह घटना गीजर में शॉर्ट सर्किट के कारण हुई। टीम की सतर्कता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। उन्होंने सोसाइटी निवासियों से अपील की है कि गीजर का नियमित मेंटेनेंस कराएं और सुरक्षा उपाय अपनाएं।
