टीम इंडिया ने किया था बाहर, अब 68 गेंदों में ठोका तूफानी शतक, चहल समेत 3 गेंदबाजों को जमकर कूटा

रजत पाटीदार को क्यों इतना बेहतरीन बल्लेबाज माना जाता है इसका सबूत उन्होंने फिर पेश किया है. रणजी ट्रॉफी में हरियाणा के खिलाफ इस बल्लेबाज ने तूफानी शतकीय पारी खेली. रजत ने मध्य प्रदेश के लिए खेलते हुए पहली पारी में 102 गेंदों में 159 रन बनाए.
रजत के बल्ले से 102 गेंदों में 159 रन निकले और इस खिलाड़ी ने 94 रन छक्के-चौकों से ही बना डाले. रजत ने अपनी पारी में 13 चौके और 7 छक्के लगाए. इंदौर की पिच पर रजत ने 155 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए
रजत पाटीदार का कमाल
रजत पाटीदार ने महज 68 गेंदों में शतक लगाया जो कि रणजी ट्रॉफी का चौथा सबसे तेज शतक है. रजत पाटीदार ने अपने शतक के दौरान हरियाणा के तीन क्वालिटी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. हरियाणा के लिए हर्षल पटेल, जयंत यादव और युजवेंद्र चहल खेल रहे थे लेकिन रजत ने इन खिलाड़ियों को भी नहीं छोड़ा
टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं पाटीदार
रजत पाटीदार ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में डेब्यू किया था. हालांकि वो इस सीरीज में नाकाम साबित हुए थे. रजत पाटीदार ने 3 मैचों में 63 रन ही बनाए. उनका औसत 10.50 ही रहा. पाटीदार ने उस सीरीज में 9 चौके लगाए थे. खराब प्रदर्शन के बाद इस खिलाड़ी को टीम इंडिया से बाहर किया गया और वो दोबारा नहीं चुने गए. लेकिन अब रजत पाटीदार ने बेहतरीन पारी खेल अपना दावा फिर ठोकना शुरू कर दिया है.
