बांग्लादेश को 2-0 से धोने के बाद टीम इंडिया बुधवार से न्यूजीलैंड की मेजबानी के लिए तैयार

बांग्लादेश को 2-0 से धोने के बाद टीम इंडिया बुधवार से न्यूजीलैंड (IND vs NZ) की मेजबानी के लिए तैयार है. बुधवार से शुरू हो रही इस सीरीज का पहला टेस्ट बेंगलुरु में खेला जाएगा.भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है और अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होने से पहले वह न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी लय बरकरार रख बढ़े हुए मनोबल के साथ ऑस्ट्रेलिया की चढ़ाई (India Tour of Australia) चढ़ना चाहेगी. इस बीच सीरीज में खास नजरें युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) और शुभमन गिल (Shubman Gill) पर तो होंगी ही. साथ ही साथ अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) और कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की फॉर्म पर भी नजरें होंगी.

विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अपने करियर के आखिरी पड़ाव में हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम को कामयाब बनाने की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर होगी. ऐसे में दोनों खिलाड़ियों से यहां अपेक्षा होगी कि वे इस सीरीज ने रन बनाकर अपनी शानदार फॉर्म से कंगारुओं की चिंताएं भी बढ़ा दें. गिल (Shubman Gill) और जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) पर भी रोहित और विराट की विरासत को आगे ले जाने की महती जिम्मेदारी है. गिल ने पिछली 10 पारियों में तीन शतक और दो अर्धशतक जमाए हैं, जबकि जायसवाल ने पिछली 8 पारियों में एक दोहरा शतक और 5 अर्धशतक जड़े हैं. अब उनके लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ इस लय को कायम रखकर आगे की कठिन चुनौतियों का सामना करने के लिये आधार तैयार करना जरूरी है.

गिल ने तेज गेंदबाजों की इनकमिंग गेंदों के खिलाफ परेशानी से पार पा ली है लेकिन ऐसी गेंदों पर विकेट गंवाने से बचना होगा. चेन्नई में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने उन्हें काफी परेशान किया और पवेलियन भी भेजा.

वहीं जायसवाल भी तेज गेंदबाजों को आक्रामक शॉट खेलने के प्रयास में तीन बार आउट हुए हैं. वह अब तक 20 पारियों में 12 बार तेज गेंदबाजों को अपना विकेट दे बैठे हैं. ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज से पहले उन्हें तेज गेंदबाजों के सामने अपना रिकॉर्ड दुरूस्त करना होगा. न्यूजीलैंड के पास भी मैट हेनरी, विलियम ओ राउरकी और टिम साउदी के रूप में आक्रामक तेज गेंदबाज हैं.

रोहित ने इस साल 15 टेस्ट पारियों में दो शतक और एक अर्धशतक लगाया लेकिन बाकी 13 पारियों में 497 रन ही बना सके हैं. वहीं 9000 टेस्ट रन से 53 रन दूर कोहली ने इस साल छह पारियों में एक अर्धशतक भी नहीं लगाया है. उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 46 और बांग्लादेश के खिलाफ 47 रन की पारियां खेली.

उन्हें न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के स्पिनरों ऐजाज पटेल (Ajaz Patel) और रचिन रविंद्र (Rachin Ravindra) को संभलकर खेलना होगा, जो पहले भी उन्हें परेशान कर चुके हैं. भारत के सामने समस्याएं बड़ी नहीं हैं लेकिन न्यूजीलैंड को गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में कई दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है. स्पिनरों के सामने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण कीवी टीम को श्रीलंका ने 2-0 से हराया. अब भारत के रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा जैसे खतरनाक स्पिनरों का सामना करना उनके लिए कठिन चुनौती होगा.

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच स्पिनरों की मददगार रहती है और ऐसे में भारतीय स्पिनर कहर बरपा सकते हैं. इनके अलावा जसप्रीत बुमराह भी फॉर्म में हैं जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट में 11 विकेट लिए. 5वें गेंदबाज पर फैसला लेने से पहले भारतीय टीम प्रबंधन को काफी सोच विचार करना होगा. पिछली सीरीज की तरह संयोजन रखने पर आकाश दीप तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर बुमराह और मोहम्मद सिराज का साथ दे सकते हैं.

भारत बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव या बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल को भी उतार सकता है जो निचले क्रम पर उपयोगी बल्लेबाज भी हैं. यहां मौसम भी साफ नहीं रहने की भविष्यवाणी है, जिससे खेल की शुरुआत देर से हो सकती है.

न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन चोट के कारण पहले ही बाहर हैं. अभी कीवी टीम को एक और झटका लगा जब तेज गेंदबाज बेन सीयर्स घुटने की चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए. उनकी जगह जैकब डफी को टीम में शामिल किया गया है, जिन्होने अभी तक एक भी टेस्ट नहीं खेला है.

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]