आस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज से पहले इंग्लैंड की टीम को बड़ा झटका लगा

आस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज से पहले इंग्लैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है. इंग्लैंड के कप्तान जॉस बटलर टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं और वनडे सीरीज में भी उनका खेलना मुश्किल है.
जॉस बटलर को काफ इंजरी यानि पिंडली में चोट लगी है. बटलर टी20 वर्ल्ड कप के बाद से मैदान में नहीं उतर पा रहे थे. माना जा रहा था कि बटलर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज तक फिट हो जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया. जॉस बटलर की जगह टी20 सीरीज में अब फिल सॉल्ट कप्तानी करेंगे
फिल सॉल्ट बने कप्तान
फिल सॉल्ट तीन मैचों की टी20 सीरीज में इंग्लिश टीम की अगुवाई करते नजर आएंगे. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को पहली बार कप्तानी का मौका मिला है. टी20 सीरीज का आगाज बुधवार से साउथैंप्टन में होगा. फिल सॉल्ट इस साल कमाल की फॉर्म में हैं. आईपीएल 2024 में इस खिलाड़ी ने केकेआर के लिए 12 मैचों में 435 रन ठोके थे. सॉल्ट ने इंग्लैंड के लिए भी कई धुआंधार पारियां खेली और नतीजा उन्हें अब टी20 टीम की कमान भी मिल गई है. वैसे बटलर अगर वनडे सीरीज तक भी फिट नहीं हुए तो हैरी ब्रूक को इंग्लैंड का वनडे टीम का कप्तान बनाया जा सकता है.
इंग्लैंड की टी20 टीम: फिल सॉल्ट, जोफ्रा आर्चर, जैकब बैथल, ब्राइडन कार्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम कर्रन, जॉश हल, विल जैक्स, लियम लिविगस्टन, साकिब महमूद, जेमी ओवर्टन, आदिल रशीद, रीस टॉप्ली, जॉन टर्नर.
इंग्लैंड की वनडे टीम: जॉस बटलर (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जैकब बैथल, हैरी ब्रूक, ब्राइडन कार्स, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, जॉश हल, विल जैक्स, मैथ्यू पॉट्स, आदिल रशीद, फिल सॉल्ट, जेमी स्मिथ, रीस टॉप्ली, जॉन टर्नर.
इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया सीरीज का कार्यक्रम
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 11 सितंबर से टी20 सीरीज शुरू होगी. पहला मैच साउथैंप्टन में होगा. कार्डिफ में दूसरा टी20 मैच 13 सितंबर और तीसरा टी20 मैच 15 सितंबर को मैनचेस्टर में खेला जाएगा. इसके बाद 19 सितंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज होगी, पहला मैच नॉटिंघम में होगा. दूसरा मैच 21 सितंबर को लीड्स, तीसरा मैच 24 सितंबर को चेस्टर ले स्ट्रीट, चौथा मैच 27 सितंबर को लॉर्ड्स में होगा. आखिरी वनडे मुकाबला 29 सितंबर को ब्रिस्टल में खेला जाएगा.
