अमेरिका के पोर्टलैंड में एक छोटा विमान कई मकानों से टकराया वहीं विमान के टकराने से कई घरों में आग भी लग गई

अमेरिका के पोर्टलैंड में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां पोर्टलैंड के पूर्वी इलाके में शनिवार सुबह एक छोटा विमान कई मकानों से टकरा गया। वहीं विमान के टकराने से कई घरों में आग भी लग गई।
इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि विमान में दो लोग सवार थे और कम से कम एक निवासी लापता है। घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मकान में आग लगी हुई दिखाई दे रही है, जबकि आसपास के घरों से काला धुआं निकलता नजर आ रहा है।
चार मकानों में लगी आग
ग्रेशम के दमकल विभाग के प्रमुख स्कॉट लुइस ने बताया कि आग कम से कम चार मकानों में फैल गई, जिसके कारण छह परिवार विस्थापित हो गए। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर दो लोगों का इलाज किया गया, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि ये लोग कैसे घायल हुए और उनकी चोटें कितनी गंभीर हैं। संघीय विमानन प्रशासन ने विमान की पहचान दोहरे इंजन वाले ‘सेसना 421सी’ के रूप में की है। उसने बताया कि यह विमान पोर्टलैंड से पूर्व की ओर लगभग 30 मिनट की दूरी पर स्थित ट्राउटडेल हवाई अड्डे के पास सुबह करीब साढ़े दस बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
