भारतीय महिला ए टीम की बल्लेबाजी रही खराब


भारतीय महिला ए गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अनौपचारिक एकमात्र टेस्ट मैच के शुरुआती दिन अच्छी गेंदबाजी की थी और ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 212 रन पर ढेर कर दिया था। लेकिन दूसरे दिन शुक्रवार को भारतीय बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके।ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 164 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 192 रनों की कर ली। ऑस्ट्रेलिया ए के लिए केट पीटरसन ने 12 ओवर में 16 रन देकर पांच विकेट चटकाए जिससे मेजबान टीम ने भारत ए को 184 रन पर समेट दिया।
भारत ए ने सुबह दो विकेट पर 100 रन से आगे खेलना शुरू किया और टीम बढ़त हासिल करने की ओर बढ़ रही थी लेकिन केट पीटरसन की गेंदबाजी के सामने उसका मध्यक्रम चरमरा गया। भारत ए की बल्लेबाज तेजल हसाबनिस (32) और श्वेता सेहरावत (40) के पवेलियन पहुंचने के बाद टीम ने 27 रन के अंदर पांच विकेट गंवा दिये। सयाली सतघरे (21), मणि (17) और मन्नत कश्यप (19) ने मिलकर 56 रन जोड़कर आस्ट्रेलिया को बड़ी बढ़त बनाने से रोका।

मणि ने फिर गेंदबाजी से किया प्रभावित
इसके बाद मणि ने गेंदबाजी से प्रभावित किया और ऑस्ट्रेलिया ए की बल्लेबाज फिर से भारतीय स्पिनरों के आगे संघर्ष करती दिखीं। इस भारतीय ऑफ स्पिनर ने पहले सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल और उनकी साथी चार्ली नोट को लगातार ओवरों में शून्य पर आउट किया। पहली पारी में पांच विकेट झटकने वाली मणि ने निकोल फाल्टम (16) को आउट करने के बाद अपनी ऑफ ब्रेक से टेस फिंटू को भी पवेलियन की राह दिखाई। भारत ए की कप्तान मीनू मणि ने मैच में कुल 10 विकेट हासिल किए।
गिरते विकेटों के बीच हालांकि, सलामी बल्लेबाज एम्मा डि ब्रोघे एक छोर पर डटी रहीं और उन्होंने 117 गेंद में 58 रन की पारी खेली जिसके बाद वह लेग स्पिनर प्रिया मिश्रा का शिकार हो गईं। विकेटकीपर मैडी ड्रेक ने फिर 100 गेंद में नाबाद 54 रन की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया ए को उबारने में मदद की और टीम ने स्टंप तक सात विकेट पर 164 रन बनाए। ड्रेक ने मैतलान ब्राउन (26 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी निभाई। लेकिन मैतलान इसके बाद मणि का 10वां शिकार बनीं।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]