भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के विजयी रथ को रोकते हुए दूसरी बार टी20 क्रिकेट की बादशाहत पाने की कोशिश करेगी
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच आज खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

साउथ अफ्रीका जहां इस मैच को जीतकर पहली बार वर्ल्ड कप जीतने का अपना सपना पूरा करेगा। वहीं, भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के विजयी रथ को रोकते हुए दूसरी बार टी20 क्रिकेट की बादशाहत पाने की कोशिश करेगी।इस महामुकाबले से पहले भारत की महिला क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम की गेंदबाजों की धज्जी उड़ाकर रख दी है।
ठोक दिए 603 रन
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और साउथ अफ्रीका की गेंदबाजों को छक्के छुड़ा दिए। भारत ने पहले दिन 98 ओवर में 4 विकेट खोकर 525 रन बनाए थे। ये भारतीय महिला टीम का अब तक किसी भी टेस्ट में पहले दिन का सर्वाधिक स्कोर है। इससे पहले भारत का रिकॉर्ड 431 रन का था। महिला टेस्ट क्रिकेट में एक दिन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम दर्ज है। इंग्लैंड ने 1936 में भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के पहले दिन 588 रन बनाए थे। एक दिन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में इंग्लैंड के बाद अब दूसरे नंबर पर भारत का नाम दर्ज हो गया है। भारत ने दूसरे दिन इस पारी को आगे बढ़ाते हुए 603 रन पर अपनी पारी घोषित कर दी है
पहले विकेट के लिए 292 रन की साझेदारी
भारत की ओर से ओपनिंग करने आई स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 292 रन की साझेदारी की थी। इसके बाद साउथ अफ्रीका की गेंदबाज डेल्मी टकर ने स्मृति मंधाना को 149 रन पर आउट कर दिया था। स्मृति ने अपनी पारी में 27 चौका और 1 छक्का जड़ा था। वहीं, शेफाली वर्मा 205 रन बनाकर रन आउट हो गईं थी। इस दौरान टीम का स्कोर 411 रन का था। शेफाली ने अपनी पारी में 23 चौका और 8 छक्का जड़ा।
शतक से चूकी कप्तान
भारत की ओपनिंग जोड़ी शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के बाद शुभा सतीश 15 रन बनाकर आउट हो गई थी। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स ने 55 रन बनाए थे। मैच के पहले दिन के खेल समाप्त होने तक भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर 42 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष 43 रन बनाकर खेल रही थी। आज दूसरे दिन पारी को आगे बढ़ाते हुए दोनों बल्लेबाज शतक से चूक गई हैं। कप्तान हरमनप्रीत कौर 69 रन पर आउट हुई हैं, जबकि ऋचा घोष 86 रन बनाकर आउट हुई। इन दोनों खिलाड़ियों के आउट होने के बाद भारत ने 603/6 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर दी है।
