निकोलस पूरन के धमाके से अफगानिस्तान नेस्तनाबूद

इस टी20 वर्ल्ड कप में बेहतरीन फॉर्म में उतरी वेस्टइंडीज का शानदार खेल जारी है. उसने अपने आखिरी ग्रुप मैच में अफगानिस्तान को 104 रनों से धो दिया. इस मैच में विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से अफगान गेंदबाजों पर खूब तांडव मचाया.उन्होंने यहां 53 बॉल खेलकर 98 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 8 छक्के शामिल थे. पूरन शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन पारी के आखिरी ओवर में उन्हें अजमतु्ल्लाह ने अपने सीधे थ्रो से रन आउट कर दिया. इससे पूरन यहां अपने करियर का पहला T20I शतक जड़ने से चूक गए.

वैसे तो दोनों ही टीमों के लिए ग्रुप C का यह आखिरी मैच डेड रबर था क्योंकि दोनों ही टीमें पहले ही सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर चुकी थीं. इस मैच से ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली टीम का निर्धारण होना था. दो बार के चैंपियन वेस्टइंडीज ने 5 विकेट पर 218 रन बनाए. अफगानिस्तान की टीम इसके जवाब में 16.2 ओवर में 114 रन पर आउट हो गई. उसकी तरफ से इब्राहिम जादरान ने सर्वाधिक 38 रन बनाए. वेस्टइंडीज के लिए ओबेद मैकॉय ने 14 रन देकर तीन, अकील हुसैन ने 21 रन देकर 2 और गुडाकेश मोती ने 28 रन देकर 2 विकेट लिए.

वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने मैच के बाद कहा, ‘हम जानते थे कि यहां का विकेट अच्छा है. गयाना और त्रिनिदाद के बाद बल्लेबाज यहां आकर रन बनाना चाहते थे. पूरन में कड़ी मेहनत की है और पिछले 12 महीने में अच्छा प्रदर्शन किया है. यह देखकर अच्छा लगा कि वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट ही नहीं वेस्टइंडीज की तरफ से भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है.’

अफगानिस्तान ने पिछले तीन मैच में विरोधी टीमों को 100 रन तक नहीं पहुंचने दिया था लेकिन इस मैच में कप्तान राशिद खान का पहले गेंदबाजी करने का फैसला पूरन ने गलत साबित कर दिया.

वेस्टइंडीज की तरफ से पूरन के अलावा सलामी बल्लेबाज जॉनसन चार्ल्स (43), शाई होप (25) और पॉवेल (26) ने भी उपयोगी योगदान दिया. अफगानिस्तान की तरफ से गुलबदीन नैब सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने अपने दो ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट लिए.

बड़े लक्ष्य के सामने अफगानिस्तान के बल्लेबाज दबाव में बिखर गए. उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (38), अजमतुल्लाह उमरजई (23) और करीम जनत (14) ने अपनी भूमिका निभाने की कोशिश की लेकिन लक्ष्य काफी बड़ा था और उनके प्रयास से हार का अंतर ही कम हुआ.

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]