असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी

असम में बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को भी गंभीर बनी रही तथा दो और लोगों की मौत के बाद इस साल अब तक इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गई, जबकि 15 जिलों में 1.68 लाख से अधिक लोग अभी भी प्रभावित हैं।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
शिवसागर में रेल संपर्क बहाल
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) का कहना है कि, बाढ़ के पानी से पटरियों को हुए नुकसान के कारण करीब एक पखवाड़े से प्रभावित शिवसागर जिले में रेल संपर्क बहाल कर दिया है।गोलाघाट और उदलगुड़ी जिलों में 2 लोगों की मौत हुई, जिससे इस साल बाढ़ में जान गंवाने वालों की संख्या 97 पहुंच गई। बाढ़ से गोलाघाट, शिवसागर, उदलगुड़ी, कामरूप मेट्रोपोलिटन, नगांव, कामरूप, दरांग, सोनितपुर, होजाई, लखीमपुर, बिस्वनाथ, जोरहाट, चराइदेव, कार्बी आंगलोंग और धेमाजी जिले प्रभावित हैं।
बाढ़ से अभी भी 1.68 लाख से अधिक लोग प्रभावित
अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ से अभी भी 1.68 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। गोलाघाट सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां करीब 54,000 लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इसके बाद शिवसागर में 49,000 और जोरहाट में 27,000 लोग प्रभावित हैं। बुधवार को 14 जिलों में करीब 1.6 लाख लोगों के प्रभावित होने की सूचना थी।
राज्य के 6 जिलों में कुल 133 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां करीब 45,000 विस्थापित लोगों को आश्रय और सहायता दी जा रही है। बाढ़ के कारण 14,382.26 हेक्टेयर कृषि भूमि अभी भी जलमग्न है। कई जिलों में तटबंधों, सड़कों, पुलों और अन्य सार्वजनिक ढांचों को भी नुकसान पहुंचा है।
