आज कैसी होगी भारत और वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन? कुलदीप यादव पर फंसा पेच

एशिया कप 2025 की चैंपियन टीम इंडिया को आज से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में उतरना है। टीम इंडिया के लिए घर पर ये पहली टेस्ट सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए चक्र के तहत है।
इंडिया ने एक सीरीज इस चक्र में इंग्लैंड में खेली है, जिसे 2-2 से बराबर किया था। भारत पिछली तीन सीरीजों को जीत नहीं पाया है। ऐसे में ये चिंता का विषय होगा। हालांकि, इस मैच में भारत और वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन कैसी होगी? ये जान लीजिए।
सबसे पहले बात मेजबान टीम इंडिया की करें तो शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम की प्लेइंग इलेवन लगभग सेट है। विकेटकीपर समेत 5 प्रोपर बैटर, दो प्रोपर पेसर, एक पेस ऑलराउंडर और तीन स्पिन विकल्पों के साथ भारत उतरने के लिए तैयार है। हालांकि, एक पेच कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को लेकर फंसा हुआ है कि इनमें से किस खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया जाए। अगर वैराइटी के हिसाब से देखें तो कुलदीप यादव बेहतर विकल्प होंगे, जबकि बल्लेबाजी के हिसाब से देखें तो अक्षर बेटर ऑप्शन हैं। यही माथापच्ची आज टॉस से पहले होगी।
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज
वेस्टइंडीज की टीम की बात करें तो ये टीम तितर-बितर नजर आ रही है। किसी भी फॉर्मेट में टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है, जो इस विश्व चैंपियन रही टीम के लिए चिंता का कारण है। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ठीक पहले कुछ झटके वेस्टइंडीज को लगे हैं, जिससे रहा-सहा कॉम्बिनेशन और बिगड़ गया है। ऐसे में जान लीजिए कि वेस्टइंडीज किस बेहतर प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरेगी?
वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग इलेवन
रोस्टन चेस (कप्तान), जोमेल वॉर्रिकन, एलिक अथानेज, जॉन कैम्पबेल, तेजनरायण चंद्रपॉल, जस्टिन ग्रीव्स, शाई होप, टेविन इमलाच, ब्रैंडन किंग,खारी पियरे और जेडन सील्स।
