युवा क्रिकेटर मुशीर खान की हालत स्थिर,बड़ा अपडेट दिया

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी सरफराज खान के भाई एवं मुम्बई के बल्लेबाज मुशीर खान के स्वास्थ्य को लेकर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने बड़ा अपडेट दिया है।मुशीर खान शुक्रवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। वह अपने पिता के साथ आजमगढ़ से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। उनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा है। हालांकि, अब मुशीर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने शनिवार को बयान जारी कर बताया कि 19 वर्षीय शीर्ष क्रम के बल्लेबाज और बाएं हाथ के स्पिनर मुशीर खान शुक्रवार (27 सितंबर) को अपने परिवार के साथ 1 से 5 अक्टूबर तक होने वाले आगामी ईरानी कप में भाग लेने के लिए आजमगढ़ से लखनऊ जाते समय सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। मुशीर फिलहाल लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत स्थिर है। उनके गर्दन में फ्रैक्चर हुआ है और उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) की मेडिकल टीमें उनके स्वास्थ्य में हो रहे सुधार पर बारीकी से निगरानी रख रही हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें सर्वोत्तम संभव देखभाल मिले। एक बार जब मुशीर को यात्रा के लिए चिकित्सकीय रूप से फिट माना जाता है, तो उन्हें आगे के मूल्यांकन और अतिरिक्त चिकित्सा उपचार के लिए मुंबई ले जाया जाएगा।
