श्रीगंगानगर में भीषण सड़क हादसा में एक ही गांव के छह युवकों की दर्दनाक मौत

श्रीगंगानगर में बुधवार रात को भीषण सड़क हादसा हो गया. हादसे में एक ही गांव के छह युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा श्रीविजयनगर थाना इलाके में हुआ. बख्तावरपुरा गांव ये सभी लोग जागरण में गए हुए थे.वहां से लौटते समय यह भीषण हादसा हो गया. हादसे के बाद वहां कोहराम मच गया. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और बख्तावरपुरा गांव के लोग मौके पर दौड़े. मृतकों के शवों का आज पोस्टमार्टम करवाया जाएगा.
पुलिस के अनुसार यह दर्दनाक हादसा श्रीविजयनगर में बुधवार आधी रात को लगभग 2 बजे हुआ. उस समय बख्तावरपुरा गांव के छह युवक दो बाइक पर पास में आयोजित जागरण में शामिल होकर वापस गांव से लौट रहे थे. उसी दौरान दोनों बाइक 25GB बस स्टैंड के पास एक कार से जा टकराई. भिड़ंत इतनी तेज थी कि युवक दूर-दूर तक जाकर गिरे. हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं बख्तावरपुरा गांव के लोग भी वहां दौड़े. पुलिस और ग्रामीणों ने शवों और घायलों को श्रीविजयनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया. वहां तीनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया. लेकिन वहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
छह युवकों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं पूरे बख्तावरपुरा गांव में मातम पसर गया. अलसुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रीविजयनगर और श्रीगंगानगर अस्पताल पहुंच गए. तीन युवकों के शव श्रीविजयनगर और तीन के श्रीगंगानगर के अस्पताल में रखे गए हैं. वहां आज परिजनों की मौजूदगी में उनका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. हादसे के बाद बख्तावरपुरा गांव में आज सुबह से चूल्हे नहीं जले.
